जौनपुर में 16वीं जनगणना की तैयारी शुरू, प्रगणक व सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरु
जौनपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में बदलापुर स्थित सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज में 16वीं जनगणना की तैयारियों के तहत प्रगणकों और सुपरवाइजरों के त्रिदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अनुज कुमार झा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
तहसीलदार योगेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि तहसील बदलापुर क्षेत्र में जनगणना कार्य के सुचारु संचालन के लिए कुल 838 प्रगणक और 139 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए 21 बैच बनाए गए हैं, जिनमें से वर्तमान में 5 बैच प्रशिक्षण ले रहे हैं, जबकि शेष 16 बैचों का प्रशिक्षण आगामी दिनों में पूरा किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 अप्रैल तक चलेगा।
जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने इसे नीति निर्माण और कल्याणकारी योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगी। इसमें नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान मकान की स्थिति, संपत्ति और व्यक्तिगत जानकारी से जुड़े कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। साथ ही ट्रांसजेंडर समुदाय से संबंधित आंकड़ों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सके। गौरतलब है कि पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी और लगभग 15 वर्षों बाद यह प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा रही है। इस अवसर पर एसडीएम डॉ. योगिता सिंह, तहसीलदार योगेन्द्र पाण्डेय, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित जनगणना निदेशालय लखनऊ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव