जौनपुर : मनोनीत तीन सभासदों ने ली शपथ
जौनपुर,16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शासन की ओर से नगर पंचायत कजगांव में मनोनीत किये तीनों सभासदों डॉ राजेश पाण्डेय, संतोष मिश्र और काशी नाथ सेठ को एसडीएम अतिरिक्त सुनील कुमार भारती ने शनिवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में बोलते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष अजित प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार की विकास की योजनाओं को मनोनीत सभासद गति देने का काम करेंगे और विकास कार्यों में पारदर्शिता आएगी।
इस मौके पर मनोनीत सभासदों ने कहा कि हम शासन की ओर से दी गई जिम्मेदारी का ईमानदारी व पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी चन्दन सिंह गौंड, ब्लॉक प्रमुख करंजाकला सुनील यादव मम्मन, दिवाकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव