छठ घाट पर स्वच्छ जल और सफाई के पुख्ता इंतजाम हों : सुरेंद्र मैथानी
कानपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में छठ पूजा में व्रत रखने वाली माताओं और बहनों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाट पर स्वच्छ जल का निरंतर प्रवाह बना रहे, ताकि श्रद्धालु निर्मल जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें। इसके लिए नगर निगम और संबंधित अधिकारी समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी कर लें। यह बातें बुधवार को रविदासपुरम स्थित छठ पूजा घाट के निरीक्षण के दौरान गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहीं।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-09 स्थित रविदासपुरम छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को घाट परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाने और स्वच्छ जल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व शुद्धता, निष्ठा और प्रकृति की उपासना का प्रतीक है। इस दौरान महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। ऐसे में घाट पर स्वच्छता और जल की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।विधायक ने अधिकारियों से घाट और आसपास के रास्तों की विशेष सफाई कराने, स्वच्छ जल का पर्याप्त भराव सुनिश्चित करने और कहीं भी गंदा पानी एकत्रित न होने देने को कहा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था तत्काल पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान जितेंद्र सिंह, जेपी गौड़, स्थानीय नागरिक, छठ पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने समय रहते व्यवस्थाओं का जायजा लेने और आवश्यक निर्देश देने पर विधायक का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप