चौरीचौरा एक्सप्रेस हादसे काे लेकर रेलवे ने गठित की चार सदस्यीय जांच कमेटी

 


कानपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल पर चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतरने की घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ था। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी आगे की यात्रा के लिए विशेष ट्रेन और भोजन-पानी की व्यवस्था की गई थी। घटना में 33 यात्रियों के घायल होने की खबरों को रेलवे प्रशासन ने तथ्यहीन बताया है। यह बातें गुरुवार को उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहीं।

उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को हुई घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय की ओर से उच्च स्तरीय चार सदस्यीय बहुविभागीय जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी में संरक्षा, यांत्रिक, विद्युत (परिचालन) और सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी शामिल हैं। यह कमेटी जेएजी स्तर की है और फिलहाल जांच कर रही है।

अमित कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद कुछ मीडिया रिपोर्टों में बिना आधिकारिक पुष्टि के 33 यात्रियों के घायल होने की जानकारी प्रसारित की गई, जो तथ्यहीन है। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारियों की ओर से घटना के बाद से ही सोशल मीडिया और अन्य आधिकारिक माध्यमों पर लगातार सही जानकारी साझा की जा रही थी। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि के खबरें प्रसारित होने से आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा होती है।

हादसे के बाद प्रभावित चारों एसी कोचों के यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेन चलाई गई थी। यात्रियों को बिस्तर, नाश्ता, भोजन के पैकेट और पीने का पानी भी उपलब्ध कराया गया था, ताकि आगे की यात्रा में उन्हें परेशानी न हो।

रेलवे प्रशासन ने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना के कारणों की जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप