चिकित्सक की सलाह के बिना बीच में नहीं छोड़ना चाहिए एंटीबायोटिक दवा : डॉ. हिमांशी प्रकाश

 


कानपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। एंटीबायोटिक दवाओं का बिना जरूरत सेवन और चिकित्सक की सलाह के बिना बीच में दवा छोड़ना भविष्य में सामान्य संक्रमण का इलाज भी मुश्किल बना सकता है। जीवाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने से यह खतरा लगातार बढ़ रहा है। यह बातें शनिवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में एमबीबीएस विद्यार्थियों को जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सहायक आचार्य डॉ. हिमांशी प्रकाश ने कहीं।

मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में 18 से 24 नवंबर तक रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन : प्रिवेंट एएमआर नाउ’ रखी गई है। शुक्रवार को एलटी-2 में डॉ. हिमांशी प्रकाश ने एमबीबीएस पैरा टी-2 के विद्यार्थियों को रोगाणुरोधी प्रतिरोध के कारण, प्रकार और बचाव के उपाय बताए। इसके बाद पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने एंटीबायोटिक के सही इस्तेमाल का संदेश दिया। पोस्टरों के जरिए बताया गया कि एंटीबायोटिक जीवाणु संक्रमण में प्रभावी हैं, वायरल संक्रमण में इनका उपयोग नहीं करना चाहिए। चिकित्सक की सलाह से शुरू की गई दवाओं का निर्धारित कोर्स पूरा करना जरूरी है। डॉ. दीप्ति मिश्रा और डॉ. सना आफरीन के निर्देशन में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें पैरा टी-2 के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

आज जागरूकता रैली और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पोस्टर और रंगोली के माध्यम से आमजन को एंटीबायोटिक के अनुचित इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला, उपप्रधानाचार्य डॉ. ऋचा गिरि और प्रमुख अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल के निर्देशन में हुआ। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मधु यादव, सचिव डॉ. रजनी सिंह, प्रो. डॉ. विकास मिश्रा, डॉ. रुचि गुप्ता, डॉ. दीप्ति मिश्रा, डॉ. हिमांशी प्रकाश, डॉ. सना आफरीन और डॉ. मनोज सहित विभाग के चिकित्सकों का योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप