गोरखपुर में 47.38 करोड़ की लागत बन रहा श्रमजीवी महिला छात्रावास
राजकीय निर्माण निगम ने सितंबर 2027 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का तय किया लक्ष्य
गोरखपुर, 24 मई (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण के संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए योगी सरकार के प्रयासों के क्रम में गोरखपुर में एक और श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना के तहत चरगांवा के खुटहन में 6640 वर्ग मीटर भूमि पर बन रहा यह हॉस्टल 500 बेड की क्षमता होगा।
महिला एवं बाल कल्याण विभाग की तरफ से बन रहे इस छात्रावास के निर्माण पर 47.38 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास के लिए चयनित भूमि के सॉयल टेस्ट, सर्वे के बाद पायलिंग व प्रारंभिक निर्माण जारी है। साथ ही निर्माण का औपचारिक शिलान्यास सीएम योगी के हाथों कराने की तैयारी की जा रही है। गोरखपुर में कामकाजी महिलाओं के लिए योगी सरकार की पहल पर 75 बेड की क्षमता का एक हॉस्टल का निर्माण नगर निगम की तरफ से मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत पहले से ही करवाया जा रहा है।
श्रमजीवी महिला छात्रावास के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, गोरखपुर इकाई को नामित किया गया है। इस हॉस्टल का निर्माण चरगांवा ब्लॉक परिसर से सटे 6,640 वर्ग मीटर जमीन पर किया जा रहा है। महिला कल्याण अनुभाग-3 की तरफ से स्वीकृत धनराशि 47 करोड़ 38 लाख 47 हजार रुपये में से प्रथम किस्त के रूप में 16 करोड़ 58 लाख 46 हजार रुपये अवमुक्त हो चुके हैं।
उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक नीरज गुप्ता ने रविवार को बताया कि सितंबर 2027 तक गोरखपुर के श्रमजीवी महिला छात्रावास के निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है।
राजकीय निर्माण निगम द्वारा बनाई गई कार्ययोजना के अनुसार, वर्किंग वुमेन हॉस्टल की बिल्डिंग में स्टिल्ट पार्किंग रहेगी। उसके ऊपर आठ मंजिला भवन बनाया जाएगा। इस भवन में सिंगल बेड, डबल बेल और ट्रिपल बेड क्षमता के 250 रूम बनाए जाएंगे। यहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा होगी और परिसर में हॉर्टिकल्चर कार्य भी कराए जाएंगे। छात्रावास में आधुनिक सुविधाएं होंगी। इनमें सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी सिस्टम और शिशु सदन शामिल हैं। साथ ही जिम सेंटर, ऑडिटोरियम, लॉन्ड्री, वाहन पार्किंग, कैंटीन और डिपार्टमेंटल स्टोर भी होंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड, महिला वार्डन और हाउस कीपिंग स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी।
सीएम योगी के निर्देश पर प्रदेश के सात जिलों में श्रमजीवी महिला छात्रावास बनाए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को मेरठ, आगरा, गोरखपुर और वाराणसी में महिला छात्रावास बनाना है, जिनमें गोरखपुर में काम शुरू हो गया है। इसके अलावा सीएंडडीएस को प्रयागराज, कानपुर और झांसी में कार्यदायी संस्था चुना गया है। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के महाप्रबंधक डीबी सिंह के अनुसार गोरखपुर में काम शुरू करा दिया गया है। जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों औपचारिक शिलान्यास समारोह भी होगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम की तरफ से एक वर्किंग वुमेन हॉस्टल पहले से निर्माणाधीन है। सहारा इस्टेट के समीप बन रहे 75 बेडेड इस हॉस्टल के निर्माण पर 18.08 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री इस हॉस्टल का नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति में करने की घोषणा कर चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय