गोरखपुर नगर निगम ने चलाया वृहद सफाई महा-अभियान, महापाैर एवं अधिकारियाें ने किया श्रमदान
गोरखपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निगम गोरखपुर द्वारा शहर को स्वच्छता के शिखर पर पहुँचाने के उद्देश्य से रविवार काे राप्ती नदी के तट स्थित रामघाट पर एक विशाल स्वच्छता महापर्व का आयोजन किया गया। स्वच्छता की नई पहल - बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ थीम के अंतर्गत आयोजित इस महा-अभियान का नेतृत्व महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने किया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को गति देते हुए महापौर और अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू और फावड़ा थामकर श्रमदान किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को शहर की सफाई के प्रति अपनी साझा जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस वृहद अभियान में प्रशासनिक अनुशासन और जन-भागीदारी का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। डीडीयू विश्वविद्यालय के छात्रों, विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं, पार्षदगणों और नगर निगम की पूरी टीम सहित 500 से अधिक नागरिकों ने इस सेवा कार्य में हिस्सा लिया। अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, प्रमोद कुमार, अतुल कुमार, महाप्रबंधक जलकल रघुवेंद्र कुमार, सभी जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता (निर्माण) एवं स्वच्छता चैंपियंस ने कदम से कदम मिलाकर श्रमदान किया। इस सामूहिक प्रयास के फलस्वरूप मात्र कुछ ही घंटों में रामघाट परिसर को पूरी तरह कचरा मुक्त कर दिया गया।
अभियान के दौरान लगभग 170 किलोग्राम सिंगल-यूज़ प्लास्टिक और नॉन- बायोडिग्रेडेबल अपशिष्ट एकत्रित किया गया, जिसे तत्काल विशेष वाहनों के माध्यम से एम.आर.एफ. (MRF) सेंटर भेजा गया ताकि कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण और रीसाइक्लिंग सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बनाने के लिए स्थानीय गायकों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाई। साथ ही, महापौर द्वारा 'पेंट माय घाट' अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स के छात्रों ने घाटों पर पेंटिंग कार्य शुरू किया। इसका उद्देश्य इन स्थलों को पर्यटन के अनुकूल 'ग्रीन जोन' के रूप में विकसित करना है। नगर आयुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि नागरिकों के इसी सहयोग से गोरखपुर आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में 'रिवर टाउन' श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय