गोदुग्ध पान करने वाले शिशु होते हैं मेधावी :पंकज
दूध प्राप्त कर गाय को सड़क पर छोड़ना महापाप, यह बंद हो
साधु संत और सरकारी अधिकारी भी लोगों को करें प्रेरित
अयोध्या, 17 नवंबर (हि.स.)। कारसेवकपुरम् परिसर स्थित श्रीराम गौशाला समिति द्वारा संपन्न गोपाष्टमी पर्व पर विहिप केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह “पंकज” ने हिन्दू समाज का आह्वान करते हुए कहा कि गो-पालक हिन्दू समाज दुग्ध लेने के बाद गायों को सड़क पर छोड़ना बंद करे, यह घोर पाप है। पूजन कर्मकाण्ड भले ही न करें पर गायों को सड़क पर छोड़ना बंद करें।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में श्रीराम वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रदेव मिश्र, पुष्पदीप शुक्ला, गोपाल पाण्डेय व दो अन्य बटुकों ने सर्व प्रथम गौरी गणेश स्थापना के साथ कलश पूजन, गो-पूजन, पुरुष सूक्त व श्री सूक्त के साथ भगवान श्रीराम के 108 नामों के मत्रोच्चार से आहुतियां दे यज्ञ कराया। इसके बाद गो माता की आरती कर गो-सेवकों अमित तिवारी, सुभाष पाण्डेय, सुनील, तेज बहादुर, सहज राम मौर्य, राम जी, रीना सिंह, मानिक राजपूत, कमला देवी, सर्वेश शुक्ला को सम्मानित किया गया।
अंत में विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह “पंकज” ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गो-दुग्ध में पाया जाने वाला पीलापन कैरोटीन तत्व के कारण है। यह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है कि जिसने भी बाल्यावस्था से गो-दुग्ध का पान किया उसकी ज्ञानेंद्रियां तुलनात्मक रूप से अधिक विकसित होती हैं और वह मेधावी होता है। साथ ही गो-दुग्ध पान करने वाले बच्चों के शरीर की प्रतिरोधक क्षमता अधिक होती है। जिससे वह वायरस-बैक्टीरिया के संक्रमण से बचे रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि संम्पूर्ण हिन्दू समाज गाय को माता के रूप में स्वीकार करता चला आ रहा है। गाय के प्रति अगाध स्नेह और प्यार, गो-सेवा से जुड़े अनेक कार्य पूरे मनोभाव से कर रहा है। साथ ही हिन्दू समाज का ही एक बहुत बड़ा वर्ग ऐसा भी है जो गाय को घर पर पालता तो है, परन्तु दूध लेने के बाद उसे सड़क पर छोड़ देता है। यह जघन्य अपराध है। इस पाप और अपराध से हिन्दू समाज को बचना चाहिए। आज के दिन अंतःकरण से इस प्रकार के काम न करने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गोशाला उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, सह प्रबंधक विजय सिंह बंटी, कोषाध्यक्ष अजय रस्तोगी, सदस्य लाल जी जयासवाल, मुकेश, धनंजय पाठक, जीतेंद्र मिश्र, विहिप सहप्रांत मंत्री धीरेश्वर वर्मा, कौशिक प्रामाणिक, जिलामंत्री अखिलेश, अरुण, श्रीमती मीना सिंह उपाध्यक्ष विहिप मातृशक्ति, वीरेंद्र वर्मा, बृजलाल यादव, शरद शर्मा, बालचंद्र वर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन उमेश पोरवाल ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय