गंगा पर तटबंध बनाने को मिली मंजूरी,कायमगंज विधायक की मेहनत रंग लाई
फर्रुखाबाद,01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले अंतर्गत कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में गंगा नदी पर तटबंध निर्माण को मंजूरी मिल गई है। यह अच्छी खबर बाढ़ से प्रभावित इलाकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
कायमगंज की विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने रविवार को बताया कि उन्होंने विधानसभा में बार-बार बाढ़ की समस्या उठाई थी, जिसके सकारात्मक नतीजे के रूप में तटबंध को स्वीकृति मिली। यह तटबंध नगला धीमर से शुरू होकर पांचाल घाट तक बनेगा। इस प्रोजेक्ट से कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव जैसे धीमर नगला, बहबलपुर, पथरामई, गंडुआ, कुआं खेड़ा वजीर आलम और शमशाबाद ब्लॉक के कई अन्य गांव लाभान्वित होंगे।
उल्लेखनीय है कि फर्रुखाबाद जिले की तीनों तहसीलों कायमगंज, अमृतपुर और सदर में हर साल गंगा की बाढ़ से तबाही मचती है। खासकर कायमगंज विधानसभा में करीब 100 गांव प्रभावित होते हैं, जहां सैकड़ों बीघा फसलें बर्बाद हो जाती हैं।
तटबंध के सर्वे के लिए धनराशि जारी कर दी गई है। विधायक डॉ. सुरभि गंगवार के अनुसार, निर्माण पूरा होने पर 100 से अधिक बाढ़ प्रभावित गांवों के निवासियों को स्थायी राहत मिलेगी और फसलों-मकानों का नुकसान काफी हद तक रुकेगा। यह कदम क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उम्मीद की किरण है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar