खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ अनुशासन और टीम भावना विकसित करती हैं प्रतियोगिताएं : सुमन चंदोला

 


कानपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। विद्यालयी स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं। कबड्डी जैसे खेलों से विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनने के साथ नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की सीख भी मिलती है। यह बातें सेठ मोती लाल खेड़िया एसडी इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सुमन चंदोला ने सोमवार को विद्यालय में आयोजित 70वीं जनपदीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान कही।

विष्णुपुरी स्थित विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मंडलीय क्रीड़ा सचिव अनुराग मिश्रा ने किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक और बालिका वर्ग की कुल 38 टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने मुकाबलों में दमखम दिखाते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के स्पोर्ट्स टीचर ओमप्रकाश ने कहा कि कबड्डी विद्यार्थियों के लिए शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक मजबूती विकसित करने वाला खेल है। प्रतियोगिताओं में लगातार भाग लेने से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना, निर्णय लेने की क्षमता और टीम के साथ बेहतर तालमेल बनाने का गुण विकसित होता है। उन्होंने कहा कि जनपदीय स्तर की प्रतियोगिताओं से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और वे उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार कर सकते हैं।

प्रतियोगिता के अंडर-14 आयु वर्ग में बालक और बालिका दोनों वर्गों में कंपोजिट विद्यालय बिल्हौर की टीम विजेता रही। अंडर-17 बालिका वर्ग में धीरतन चंद खत्री एसडी इंटर कॉलेज की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालक वर्ग में श्री रामलला इंटर कॉलेज, रावतपुर की टीम विजेता बनी।

अंडर-19 बालिका वर्ग में विद्युत परिषद इंटर कॉलेज, पनकी की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में मेजबान सेठ मोती लाल खेड़िया एसडी इंटर कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता के आयोजन में कबड्डी एसोसिएशन के सचिव अशोक सिंह गहलोत, जनपदीय क्रीड़ा सचिव सत्य प्रकाश तिवारी, हरि किशन शुक्ला, सैयद खुर्शीद अली, आयोजन सचिव बासुदेव त्रिपाठी सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन चंदोला और आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, निर्णायकों और अतिथियों का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप