क्षेत्रीय किसान मेले में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी
-कृषि मंत्री की अध्यक्षता में दो दिवसीय मेले का आयोजन, तोरिया बीज मिनीकिट का निःशुल्क वितरण
देवरिया, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री स्व. रविन्द्र किशोर शाही की पुण्यतिथि के अवसर पर नगर पंचायत पथरदेवा स्थित आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज परिसर में 17 एवं 18 अक्टूबर को दो दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में आयोजित मेले का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किया।
मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
मेले के दौरान उप कृषि निदेशक की ओर से रबी सीजन 2026-27 के तहत राज्य सहायतित योजना में चयनित किसानों को तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए दो किलोग्राम तोरिया (लाही) बीज की मिनीकिट निःशुल्क वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य तिलहन उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मेले में कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और कीट प्रबंधन के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी जा रही है।
किसानों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से अवगत कराने के लिए कृषि सूचना तंत्र योजना के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, भूमि संरक्षण, इफको, कृभको, उद्यान एवं लघु सिंचाई विभागों सहित विभिन्न संस्थानों के स्टॉल लगाए गए हैं। इनके माध्यम से किसानों को सरकारी अनुदान, कृषि उपकरणों और विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर देवरिया सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायक भाटपाररानी सभाकुंवर, प्रमुख सचिव कृषि डॉ. एमकेएस सुंदरम, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, संयुक्त कृषि निदेशक गोरखपुर मंडल, उप कृषि निदेशक देवरिया, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी तथा कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. मान्धाता सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक