कमरे में मिला नर्स का संदिग्ध हालत में शव

 


सुलतानपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के बरौंसा बाजार में शनिवार सुबह किराए के कमरे में एक नर्स का शव संदिग्ध हालत में मिला। कमरा अंदर से बंद था और युवती का शव रोशनदान से कपड़े के सहारे लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

बेलगरा सारंगपुर की शिल्पा सैनी उर्फ रजनी (22) जेएनएम की पढ़ाई के साथ बरौंसा बाजार के एक अस्पताल में नर्स थी। वह अस्पताल के किराए के कमरे में रहती थी। शनिवार सुबह शिल्पा कमरे से बाहर नहीं निकली। बगल की नर्स ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन वह नहीं खुला। खिड़की से झांकने पर शिल्पा का शव रोशनदान से लटका दिखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ होगी। पुलिस जांच कर रही है। युवती की मौत से परिवार में मातम छा गया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त