कन्नौज: जिला अस्पताल में रिश्वत माँगने के आरोपित चिकित्सक निलंबित

 


कन्नौज, 03 नवम्बर (हि. स.)। जिला अस्पताल में प्रसूता को एनेस्थीसिया देने के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोपी डॉक्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिए हैं।

आरोप है कि डॉक्टर रविंद्र कुमार ने 29 अक्टूबर को रिश्वत नहीं मिलने पर गुखरू गांव निवासी प्रसूता साक्षी पटेल को बिना एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाए ही वापस कर दिया था। इसके बाद साक्षी के पति प्रांशु ने समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण से शिकायत की थी। इस मामले को लेकर मंत्री असीम अरुण मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचे और निरीक्षण किया।

यहां उन्होंने सीएमएस गोपाल नारायण द्विवेदी व आरोपी डॉक्टर से बातचीत की, लेकिन डॉक्टर रविन्द्र कुमार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जिसके बाद मंत्री असीम अरुण ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मैंने खुद अस्पताल पहुंचकर जांच की। ऐसे भ्रष्ट डॉक्टर पर कार्यवाही जरूरी है। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने सीएमओ को डॉक्टर रविन्द्र कुमार को सस्पेंड करने के निर्देश दे दिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा