औषधीय पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन पर जोर
लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। औषधीय वनस्पतियां स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके संरक्षण और महत्व के प्रति विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों को जागरूक करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज, लखनऊ में आरोग्य वाटिका विकसित की गई है। यह बातें शनिवार को संस्थान में आरोग्य वाटिका के लोकार्पण के दौरान गवर्निंग काउंसिल के सदस्य डॉ. सीएम द्विवेदी ने कहीं।
संस्थान के संस्थापक की पुण्य स्मृति में विकसित आरोग्य वाटिका का लोकार्पण डॉ. सीएम द्विवेदी और संस्थान के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सिंह ने संयुक्त रूप से किया। वाटिका में औषधीय एवं अन्य उपयोगी पौधों की 49 प्रजातियों के कुल 80 पौधे लगाए गए हैं।
इस पहल का उद्देश्य परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को इन पौधों के महत्व तथा पर्यावरण संवर्धन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी मिलेगी।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. आशीष भटनागर, महानिदेशक डॉ. भरत राज सिंह, निदेशक प्रशासन डॉ. जगदीश सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. धर्मेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक डॉ. वीबी सिंह, मुख्य महाप्रबंधक सुरेंद्र श्रीवास्तव और कुलसचिव एसएन शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप