औरैया : सखी ग्रुप ने गोबर और मिट्टी के दीये बांटकर दिया सुख-समृद्धि का संदेश
-सखी ग्रुप ने छोटे दुकानदारों, राहगीरों और महिलाओं को किए निःशुल्क वितरित
औरैया, 05 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दीपावली पर्व पर पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की महिला शाखा तुलसी 'सखी ग्रुप' की ओर से गुरुवार को गोबर और मिट्टी से निर्मित दीयों का निःशुल्क वितरण किया गया। संगठन की सदस्यों ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर छोटे दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं, राहगीरों और महिलाओं को दीये वितरित किए। इस पहल से लोगों को स्वदेशी और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पांच नवंबर 2026 को शाम चार बजे मोहल्ला होमगंज, परिहार टोला, फूलगंज और दिबियापुर रोड के समीप किया गया। यहां ठिलिया-खोमचा लगाने वाले छोटे दुकानदारों और अन्य जरूरतमंद लोगों को गाय के गोबर और मिट्टी से तैयार दीये निःशुल्क दिए गए। महिला शाखा की सदस्यों ने लोगों को इन दीयों के उपयोग के प्रति जागरूक भी किया।
स्वच्छता अभियान की ब्रांड एंबेसडर एवं कार्यक्रम संयोजिका पायल पोरवाल ने बताया कि गाय के गोबर से निर्मित दीये शुद्धता और सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं। मान्यता है कि इन दीयों की रोशनी से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर-परिवार में सुख-समृद्धि, निरोगी काया, धन, यश और वैभव का आगमन होता है। साथ ही नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने लोगों से दीपावली पर गोबर और मिट्टी के दीयों का अधिक से अधिक प्रयोग करने की अपील की।
महिला शाखा की प्रभारी बबिता ने भी लोगों को गोबर के दीयों के धार्मिक और पारंपरिक महत्व की जानकारी देते हुए इनके इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से पारंपरिक दीपावली की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री कोमल पोरवाल, मंगला शुक्ला, अंशू पोरवाल, शकुंतला पोरवाल, ममता सिंह, कुमुदनी पोरवाल, दामिनी गुप्ता, पूजा पोरवाल सहित सखी ग्रुप की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार