औरैया : पुष्टाहार वितरण में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
नियमित पुष्टाहार, खाद्यान्न और कन्वर्जन कॉस्ट उपलब्ध कराने की मांग
औरैया, 08 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र के ज्ञानपुर प्रताप सिंह गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर पुष्टाहार वितरण और बच्चों के भोजन की व्यवस्था में कथित अनियमितता के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने केंद्र के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर बच्चों को नियमित रूप से पुष्टाहार, निर्धारित खाद्यान्न और भोजन उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन में रूबी देवी पत्नी छोटे सिंह, मधु देवी पत्नी महेंद्र सिंह, शारदा देवी पत्नी रामशंकर, मंगल सिंह पुत्र रामबिहारी, इलू उर्फ सतेंद्र पुत्र ओमप्रकाश सहित आधा दर्जन से अधिक महिलाएं और पुरुष शामिल रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि ज्ञानपुर प्रताप सिंह आंगनबाड़ी केंद्र का अतिरिक्त प्रभार शन्नो देवी के पास है। आरोप है कि केंद्र पर तीन-चार माह में एक बार ही पुष्टाहार का वितरण किया जाता है। ग्रामीणों ने नियमित वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
प्रधानाध्यापकों ने भी उठाए सवाल
पचदेवरा के प्रधानाध्यापक गोविंद तिवारी और ज्ञानपुर प्रताप सिंह के प्रधानाध्यापक नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने भी आंगनबाड़ी बच्चों के भोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। प्रधानाध्यापकों का आरोप है कि वर्ष 2024-25 से आंगनबाड़ी बच्चों का भोजन विद्यालय स्तर पर बनवाया जा रहा है, लेकिन इसके लिए मिलने वाला खाद्यान्न और कन्वर्जन कॉस्ट विद्यालय को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
प्रधानाध्यापकों का आरोप है कि कोटा डीलर से खाद्यान्न की उठान कर कार्यकत्री शन्नो देवी उसे अपने घर ले जाती हैं। उनका कहना है कि जब आंगनबाड़ी बच्चों का भोजन विद्यालय में तैयार कराया जा रहा है तो निर्धारित खाद्यान्न और कन्वर्जन कॉस्ट भी विद्यालय को उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इस संबंध में संबंधित अधिकारी से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रधान ने भी लगाए आरोप
ग्राम प्रशासक रामसुंदर यादव ने बताया कि उनके द्वारा दो बार चेक पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद धनराशि निकाली गई थी। शिकायत मिलने के बाद पिछले करीब चार-पांच माह से उन्होंने धनराशि की निकासी के लिए हस्ताक्षर नहीं किए हैं। उनका आरोप है कि इससे पहले नियमित रूप से धनराशि निकाली जाती रही है।
ग्रामीणों और प्रधानाध्यापकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बच्चों को नियमित पुष्टाहार, खाद्यान्न और भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। सीडीपीओ छाया ने बताया कि ज्ञानपुर प्रताप सिंह केंद्र पर नई सहायिका राजपूत कृष्णा मुकेश भाई ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यकत्री न होने के कारण अब वही दायित्व निभाएंगी। बुधवार को उन्हें चेक सहित संबंधित दस्तावेज हैंडओवर किए जा रहे हैं। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और अनियमितता मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार