उत्तर प्रदेश में गौ माता की रक्षा करने वाली हो आगामी सरकार : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

 


फिरोजाबाद, 08 जून (हि.स.)। ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सोमवार शाम फिरोजाबाद में कहा कि गौ माता के प्राण और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए उनकी यह यात्रा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी सरकार गौ माता की रक्षा करने वाली हो जनता सोच समझकर वोट करे।

ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की यात्रा सोमवार शाम फिरोज़ाबाद पहुंची। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा 03 मई से गोरखपुर से शुरू हुई है। अभी तक लगभग पौने दो सौ से अधिक विधानसभाओं में वह जा चुके हैं। प्रत्येक विधानसभा में वहां के मतदाता से मिलकर गौ रक्षा के लिए वोट करने की मांग कर रहे है। यात्रा के राजनैतिक होने के आरोप पर उन्होंने कहा कि जो लोग राजनैतिक होते हैं उन्हें हर काम राजनैतिक लगता है, हमारी यात्रा देश में गौ रक्षा के लिए है, हाँ कुछ लोगों ने राजनीति की है जो गाय की रक्षा नहीं की है। बंगाल में एक उम्र के बाद गाय काटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बंगला की सरकार का यह निर्णय दुर्भाग्यपूर्ण है। इस निर्णय से इनका नकली होना भी प्रमाणित हो गया है। गाय हमारी माता है और आजीवन उसकी सेवा और रक्षा हमें करनी चाहिए। उन्होंने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश के चुनाव में गौ माता की रक्षा करने वाली सरकार की मांग की। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आरोप लगाया कि जो गाय के हत्यारे हैं जिनके समय में गौ हत्या बढ़ी है ऐसे लोगों को छोड़कर बाकी जो पार्टी गौ रक्षा करे उसे वोट करे। चुनाव में अभी 08 महीने बचे हैं यदि वह भी सुधार कर ले तो ठीक है। अयोध्या में दान पात्र से चोरी को लेकर भी उन्होंने कहा कि यह तो छोटी चोरी है, अयोध्या में तो उसी दिन से चोरी होना शुरू हो गई थी जब शंकराचार्यों और धर्माचार्यों को हटाकर नया ट्रस्ट बनाया गया था। इसके साथ ही उन्होंने कई अन्य मुद्दों पर भी बातचीत करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़