इलाज के दौरान महिला की मौत,परिजनों ने काटा हंगामा
फर्रुखाबाद ,27 फरवरी (हि.स.)। कादरी गेट थाना क्षेत्र में मसेनी लकूला रोड पर कुलवंती हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई ।
बताया गया कि महिला का इलाज कुलवंती हॉस्पिटल में पहले से ही चल रहा था । हालत में सुधार होने पर परिजन छुट्टी करवाकर घर ले गए थे। घर पहुंचने के बाद फिर अचानक महिला की तबियत बिगड़ गई तो परिजन फिर से कुलवंती हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। बीती रात करीब तीन बजे राखी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें दोबारा उसी अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने बिना समुचित जांच किए दवा और इंजेक्शन दे दिया। इसके बाद उनकी हालत और बिगड़ गई तथा पेट फूल गया।
मृतका के पति शिवकांत कश्यप ने बताया कि अस्पताल में क्या उपचार दिया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि उपचार के बाद राखी की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उनकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि हालत गंभीर होने पर किसी विशेषज्ञ डॉक्टर की व्यवस्था नहीं की गई।
महिला की छोटी बहन श्वेता ने कादरीगेट थाने में तहरीर देकर अस्पताल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में स्पष्ट रूप से अस्पताल की लापरवाही को राखी की मौत का कारण बताया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर विस्तृत जानकारी ली। सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि महिला की मौत के मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है। पोस्टमार्टम पैनल से कराया जाएगा। साथ ही अस्पताल को खाली कराकर सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से लोहिया अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar