इटावा में अटल प्रतिमा का अनावरण, अटल सेतु और अटल पथ जनता को समर्पित

 






इटावा, 24 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और जिला प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने इटावा पहुंचकर डीएम चौराहा पर नवनिर्मित अटल प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद अटल सेतु और अटल पथ का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। प्रतिमा अनावरण के बाद डीएम चौराहा काे अटल चाैराहा के नाम से जाना जाएगा। पत्रकारों से बात करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इटावा में अटल जी का ननिहाल था। वह ऐसे नेता थे जिनकी सराहना देश के सभी राजनैतिक दल करते थे। इस अवसर पर अटल जी के द्वारा लिखी गई कविताओं का भी पाठ किया गया।

उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिमा का अनावरण कर अटल सेतु और अटल पथ का उद्घाटन किया गया है। यह प्रतिमा इटावा वासियों को उनकी याद और उनके पदचिन्हों पर चलने के लिए प्रोत्साहित करती रहेगी। कोडीन कफ सिरप को लेकर उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादियों के सभी आरोप निराधार और गलत हैं। यह सपा सरकार नहीं है। हमारी सरकार में कोई दोषी न तो बचा है और न ही बचेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह