आयुक्त एस. राजलिंगम ने की विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की समीक्षा, त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के दिए निर्देश

 




जौनपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में आयुक्त वाराणसी मंडल एवं रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम ने गुरुवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

आयुक्त के जनपद आगमन पर जिला निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। समीक्षा बैठक में आयुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का ड्राफ्ट पब्लिकेशन किया जा चुका है तथा आलेख्य मतदाता सूची में पाई गई त्रुटियों के संबंध में दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मैपिंग नहीं हो पाई है, उनके लिए सुनवाई हेतु नोटिस जारी कर नियत तिथि पर बुलाया जा रहा है। साथ ही लॉजिकल डिस्क्रिपेंसीज को दूर किया जा रहा है, ताकि अंतिम रूप से एक त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। प्राप्त दावों और आपत्तियों पर सत्यापन एवं नियमानुसार जांच के उपरांत ही आगे की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने इस कार्य में राजनैतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई।इसी क्रम में आयुक्त एस. राजलिंगम ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी के पटल पर आर्थिक सहायता रजिस्टर, गार्ड फाइल, असलहा वरासत अभिलेख तथा एलबीसी पटल का अवलोकन किया गया।एआरके कक्ष के निरीक्षण के दौरान सबसे पुराने अभिलेखों व फाइलों, बिडिंग रजिस्टर तथा मूवमेंट रजिस्टर की जांच करते हुए आयुक्त ने अभिलेखों के समुचित रख-रखाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय का निरीक्षण कर लंबित एवं पुराने वादों से संबंधित फाइलों का अवलोकन किया और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। विशेष रूप से धारा 34 से संबंधित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संतबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव