अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फतेहपुर स्टेशन में हो रहे विकास कार्य संतुष्टजनक : अपर मंडल रेल प्रबंधक
प्रयागराज, 04 जुलाई (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फतेहपुर स्टेशन के हो रहे विकास कार्यों को देखने के बाद शनिवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने संतोष जाहिर करते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने का निर्देश दिया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार शनिवार को फतेहपुर स्थित फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने यह निरीक्षण भारतीय रेल के अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति एवं यात्री सुविधाओं की समीक्षा के उद्देश्य से किया ।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, टिकटिंग व्यवस्था, पार्किंग क्षेत्र तथा दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने ने विशेष रूप से 12 मीटर चौड़े नव निर्मित फुट ओवर ब्रिज सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता तथा संरक्षा मानकों के पालन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों के लिए आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करेगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में यात्री सुविधा, स्वच्छता, संरक्षा और दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रयागराज मंडल के गति शक्ति यूनिट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। स्टेशन के विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई और इसे सकारात्मक प्रगति के रूप में देखा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल