पीआरडी की शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने आया युवक ट्रांसफार्मर पर चढ़ा,करंट की चपेट में आने से झुलसा
जौनपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धिकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को पीआरडी की शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने आया गाजीपुर निवासी 26 वर्षीय अमन करंट की चपेट में आने से झुलस गया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि परीक्षा में शामिल होने के बाद अमन स्टेडियम से बाहर निकला और फरीदाबाद गांव के पास लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। दोपहर करीब 2:30 बजे वह करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। युवक ट्रांसफार्मर पर किन परिस्थितियों में चढ़ा, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी शहर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि युवक के ट्रांसफार्मर पर पहुंचने की परिस्थितियों की जानकारी की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। युवक का उपचार चल रहा है। परिजनों के पहुंचने के बाद घटना के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव