रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौत

 


उरई, 17 जून (हि.स.)। उरई कोतवाली क्षेत्र के शांति नगर इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक रेलवे लाइन पार कर रहा था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जैसारी कला निवासी जगत सिंह (35 वर्ष) शांति नगर क्षेत्र में रेलवे लाइन क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची उरई कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला रेलवे लाइन पार करते समय हुए हादसे का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सीओ राजीव शर्मा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा