मूर्ति विसर्जन के दौरान युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, दो आरोपी हिरासत में

 




जौनपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मंगलवार की देर रात मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में कालीकुत्ती निवासी राजेश बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकू उनके पेट में फंस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मंगलवार देर रात करीब दो बजे मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कुछ लोगों ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी ने बुधवार देर शाम बताया कि रात करीब दो बजे राजेश बिंद के साथ कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में दो अभियुक्तों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव