युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत : धर्मवीर प्रजापति
औरैया, 24 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के ब्लॉक सभागार औरैया में आयोजित “युवा जागरूकता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” में उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है और देश के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार, शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।
ा
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार