युवा शक्ति–विकसित भारत की शक्ति' विषय पर भाषण प्रतियोगिता सम्पन्न

 












गोरखपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय स्तरीय भाषण प्रतियोगिता सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता का विषय ‘युवा शक्ति–विकसित भारत की शक्ति’ रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक महेन्द्र पाल सिंह, पिपराइच, गोरखपुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत की युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथियों में डॉ. सदानन्द शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा, प्रो. उदयभान, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी गोरखपुर तथा प्रो. तरन्नुम बानो, नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा गोरखपुर उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कु. उन्नति कीर्ति, द्वितीय स्थान महाराणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोरखपुर के आयुष कुशवाहा तथा तृतीय स्थान राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इन्दुपुर, देवरिया की कु. शालू ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रो. सत्यपाल सिंह, कार्यक्रम समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के निर्देशन में हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने युवा शक्ति की भूमिका, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय