युवा पीढ़ी को बचाने के लिए ड्रग्स के खिलाफ जनआंदोलन जरूरी : ज्योति बाबा

 


कानपुर, 26 जून (हि.स.)। नशा कोई शौक नहीं, बल्कि ऐसा धीमा जहर है जो व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। उत्तर प्रदेश को ड्रग्स फ्री बनाने के लिए जनआंदोलन खड़ा करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

यह बातें शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख एवं योग गुरु ज्योति बाबा ने कहीं। अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस की पूर्व संध्या पर कानपुर में सनीगवां रोड स्थित आयु हॉस्पिटल में 'हमारा संकल्प, ड्रग्स फ्री उत्तर प्रदेश' विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। ज्योति बाबा ने कहा कि जो नशा आज युवाओं को आकर्षक और आधुनिक जीवनशैली का हिस्सा लगता है, वही आगे चलकर उनके जीवन और परिवार के लिए अभिशाप बन जाता है। उन्होंने कहा कि 35 वर्षों के नशा मुक्ति अभियान के दौरान उन्होंने ऐसे हजारों परिवार देखे हैं, जहां नशे ने खुशियां छीन लीं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करीब 28 हजार करोड़ रुपये का है। उनका कहना था कि इस धन का इस्तेमाल आतंकवाद, हथियारों की तस्करी और अन्य संगठित अपराधों में भी होता है। उन्होंने कहा कि अब केवल चिंता जताने का समय नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की जरूरत है।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीयूष रंजन सनातनी ने कहा कि नशे की लत घरेलू हिंसा, यौन अपराध और पारिवारिक विघटन जैसी घटनाओं को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि एक नशेड़ी केवल अपना ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार का भविष्य प्रभावित करता है।

मुख्य कार्यक्रम संयोजक डॉ. आर.सी. शर्मा ने कहा कि युवाओं को हुक्का बार संस्कृति और अन्य माध्यमों से नशे की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने किशोरियों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताते हुए इसे समाज के लिए गंभीर चुनौती बताया। डॉ. अतुल कुमार मिश्रा, नवनीत उत्तम और पवन कुमार विश्वकर्मा ने तंबाकू, गुटखा और मादक पदार्थों से होने वाले स्वास्थ्य और आर्थिक नुकसान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर साथियों के दबाव में होती है, लेकिन कुछ ही समय में यह व्यक्ति को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लेता है।

कार्यक्रम का संचालन सुदीप यादव ने किया। संयोजन नंदन श्रीवास्तव तथा धन्यवाद ज्ञापन पिंकी गौड़ ने किया। अंत में उपस्थित लोगों को ड्रग्स फ्री उत्तर प्रदेश और नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप