चलती ट्रेन से गिरकर युवक घायल, कीचड़ भरे रास्ते से पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

 


कानपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर इलाके में बुधवार को चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक ट्रेन में गेट के पास बैठा था और नींद आने के कारण संतुलन खोने से गिर गया था। हादसे के बाद उसकी मदद की पुकार सुनकर एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल तक पहुंचने के लिए करीब 500 मीटर तक कीचड़ और पानी से भरे रास्ते से गुजरना पड़ा।

घायल की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले शाहिद के रूप में हुई है। वह देश की राजधानी दिल्ली जा रहा था। हादसे के बाद कुछ देर तक वह बेहोश रहा। होश में आने पर उसने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। उसकी आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे निर्भय सिंह ने डायल-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन बारिश के कारण रास्ता बेहद खराब था। पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से कीचड़ और पानी के बीच से घायल को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से उसे काशीराम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।

पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए घायल के दादा यूनुस को घटना की जानकारी दी। घायल युवक की हालत ऐसी थी कि वह पुलिस को हादसे के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सका।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पुलिसकर्मी भीम प्रकाश, अनूप कुमार और पायलट ताजुद्दीन ने स्ट्रेचर की मदद से करीब 500 मीटर तक कीचड़ भरे रास्ते को पार कर घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है, क्योंकि घायल अभी बातचीत करने की स्थिति में नहीं है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप