युवक का मिला शव,बहन ने लगाया हत्या का आरोप

 


फर्रुखाबाद, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में हिथरेया गांव में एक युवक की मौत के बाद परिजनों और ससुराल पक्ष के बीच शनिवार को आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। घर के भीतर युवक का शव फंदे से लटका मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक की बहन ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

बताया गया कि रंजीत (२८) का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मृतक रंजीत की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक चार वर्षीय पुत्र है।

मृतक की बहन नीरू यादव ने आरोप लगाया कि रंजीत की मौत सामान्य नहीं है। उनका कहना है कि भाई की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या जैसा दिखाई दे। उन्होंने पत्नी और उसके मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था।

परिजनों के अनुसार, रंजीत पहले निजी कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन बाद में गांव लौट आया था। बहन का दावा है कि संपत्ति और पारिवारिक विवाद को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी। घटना के बाद से परिवार में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी व्याप्त है।

थानाध्यक्ष मऊदरवाजा अजब सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar