शादी के कर्ज से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान

 


औरैया, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र स्थित भौनकपुर गांव में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान भौनकपुर गांव निवासी कुलदीप (25) के रूप में हुई है। उसकी शादी 29 अप्रैल 2025 को इटावा के नगला जोर निवासी नीशू से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के लिए कुलदीप ने काफी कर्ज ले रखा था, जिससे वह मानसिक तनाव में चल रहा था। शुक्रवार रात कुलदीप ने पत्नी नीशू के साथ खाना खाने के बाद घर की छत पर जाकर प्लास्टिक की रस्सी से पिलर में फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार भोर में गेहूं की कटाई के लिए खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने उसका शव छत पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि परिजनों से पता चला है कि युवक पर शादी का कर्ज था, जिसके चलते वह तनाव में था। इसी वजह से उसने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की शुरू कर दी है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार