महिला मित्र के साथ रह रहे युवक का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
कानपुर, 19 जून (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान कांशीराम कॉलोनी निवासी धीरज सक्सेना (35) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिछले कई वर्षों से एक महिला मित्र के साथ रह रहा था। युवक का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिजनों का आरोप है कि धीरज की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटकाया गया। उनका कहना है कि संपत्ति विवाद को लेकर महिला मित्र तथा उसके परिजनों ने साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप