इंस्टाग्राम पर सैड स्टोरी लगाने के बाद युवक ने बाथरूम में फंदा लगाकर दी जान

 


कानपुर, 30 जून (हि.स.)। चकेरी क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक ने बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक स्टोरी पोस्ट की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

मृतक की पहचान बांदा जिले के गिरवां मोहल्ला निवासी श्याम सैनी (22) के रूप में हुई है। वह लालबंगला स्थित फूल वाली गली में फूलों का कारोबार करता था और वहीं रह रहा था। उसके परिजनों ने बताया कि श्याम अक्सर चकेरी के काजीखेड़ा स्थित अपने रिश्तेदार के घर नहाने के लिए जाया करता था।

आज दोपहर वह हमेशा की तरह रिश्तेदार के घर पहुंचा और दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में चला गया। कुछ देर बाद उसकी मौसेरी बहन मोनी ने आवाज लगाई तो अंदर से उसने नहाने की बात कहकर जवाब दिया। इसके बाद काफी समय तक वह बाहर नहीं निकला।

फिर उसका दोस्त राहुल सैनी उसे बुलाने पहुंचा। जब उसे बताया गया कि श्याम काफी देर से बाथरूम में है, तो वह ऊपर पहुंचा और कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर उसने दरवाजे के ऊपर से झांककर देखा तो श्याम रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। यह देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

पीछे के रास्ते से बाथरूम का दरवाजा खोला गया, लेकिन तब तक श्याम की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर चकेरी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि आत्महत्या से पहले श्याम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक 'सैड स्टोरी' साझा की थी। पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक के आत्मघाती कदम उठाने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप