तालाब में डूबा युवक, तीन घंटे बाद मिला शव

 


औरैया, 06 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के केशमपुर गांव में शनिवार दोपहर एक युवक तालाब में डूब गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने उसका शव बाहर निकाला।

गांव निवासी 27 वर्षीय दिनेश राजपूत पुत्र वीरेंद्र राजपूत दोपहर लगभग दो बजे गांव से सटे तालाब के किनारे पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह तालाब किनारे बैठा था तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तालाब में वर्षों से सफाई न होने के कारण फैली जलकुंभी और दलदल की वजह से कोई भी अधिक अंदर तक नहीं जा सका।

सूचना मिलते ही सीओ अजीतमल मनोज गंगवार और थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कराई। तलाशी अभियान के दौरान दलदल के कारण खोजबीन कर रहे लोग भी पानी में फंसने लगे। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाकर तालाब का पानी दूसरे तालाब में निकालने की व्यवस्था शुरू कराई। ग्राम प्रधान राजेश पाल और सिंदुरिया पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि सुधीर राजपूत ने भी ट्यूब और अन्य संसाधनों के साथ खोजबीन में सहयोग किया। आखिरकार, भर्रापुर निवासी रिंकू और मंसाराम ने तालाब में घुसकर डोंगिया में बैठकर बांस के सहारे डूबे हुए युवक को खोजकर बाहर निकाला। उनकी बहादुरी के लिए पुलिस और ग्रामीणों ने उनकी सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार