अंतिम संस्कार में शामिल होने गया युवक गंगा में डूबा, 29 घंटे बाद मिला शव

 


कानपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। ताऊ के अंतिम संस्कार में शामिल होने भैरव घाट पहुंचा युवक गंगा में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। रविवार से चल रही तलाश के करीब 29 घंटे बाद सोमवार काे जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट पर उसका शव गंगा में उतराता मिला।

बजरिया थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी संजू कुमार चौरसिया की पान की दुकान है। परिवार में पत्नी सविता चौरसिया, बेटी रश्मि चौरसिया और इकलौता बेटा मयंक (22) था। वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। संजू के बड़े भाई सुरेश कुमार का शनिवार रात बीमारी के चलते निधन हो गया था। रविवार को परिवार अंतिम संस्कार के लिए भैरव घाट पहुंचा था।

अंतिम संस्कार के बाद परिवार के लोग गंगा में हाथ-पैर धो रहे थे। इसी दौरान मयंक गंगा में नहाने की जिद करने लगा और पानी में उतर गया। अचानक वह गहराई में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिली।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची। छह गोताखोरों, स्टीमर और जल पुलिस की टीम मयंक की तलाश में जुटी रही। कई किलोमीटर तक गंगा में तलाश की गई, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट पर गंगा में शव उतराता दिखाई दिया। नाविकों ने शव को बाहर निकाला तो उसकी पहचान मयंक चौरसिया के रूप में हुई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस भैरव घाट पर परिवार कुछ घंटे पहले अंतिम संस्कार के लिए जुटा था, वहीं से शुरू हुई त्रासदी ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप