स्वाइन फ्लू से युवक की मौत, अस्पताल पर जानकारी छिपाने का आरोप
कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्वाइन फ्लू संक्रमण से एक युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पोस्टमॉर्टम के दौरान लिए गए नमूनों की जांच में युवक के स्वाइन फ्लू संक्रमित होने की पुष्टि हुई। एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी के मुताबिक, निजी अस्पताल को संक्रमण की जानकारी होने के बावजूद इसे छिपाने की बात सामने आई है। अस्पताल के स्टाफ, मरीज के संपर्क में आए लोगों और परिजनों की जांच कराई जाएगी।
कन्नौज के गुरसहायगंज क्षेत्र स्थित ग्राम तेरा जाकेट निवासी ग्राम प्रधान राम राज के बेटे शिवम की एक सितंबर को इलाज के दौरान कानपुर के शारदा नगर स्थित अनुराग हॉस्पिटल में मौत हो गई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था और शव का पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की थी।
जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त को शिवम के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ था। परिजन उसे कन्नौज में डॉक्टर तोमर के क्लीनिक ले गए। जांच के बाद फेफड़ों में पानी भरने और पेट में संक्रमण की बात बताई गई। हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया, जहां अनुराग हॉस्पिटल में करीब चार दिन उसका उपचार चला। इसके बाद एक सितंबर को उसकी मौत हो गई।
परिजनों की शिकायत के बाद रावतपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। दो सितंबर को पोस्टमॉर्टम के दौरान चिकित्सकों को संक्रमण को लेकर संदेह हुआ, जिसके बाद नमूने जांच के लिए भेजे गए। पांच सितंबर को आई जांच रिपोर्ट में शिवम के स्वाइन फ्लू संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
पोस्टमॉर्टम हाउस के प्रभारी ने मामले की जानकारी सीएमओ को दी। इसके साथ ही कन्नौज के सीएमओ को भी रिपोर्ट भेजी गई, क्योंकि मृतक कन्नौज का रहने वाला था।
एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया कि अनुराग हॉस्पिटल में शिवम स्वाइन फ्लू से संक्रमित था। अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी होने के बावजूद इसे छिपाने की बात सामने आई है। मामले में अस्पताल को नोटिस जारी किया जाएगा। मरीज के संपर्क में आए लोगों और अस्पताल के कर्मचारियों की जांच कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार उन्हें क्वारंटीन भी किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने मृतक के परिवार और रिश्तेदारों को भी संक्रमण की जानकारी दे दी है। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों समेत उनके संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी और जांच कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि संक्रमण कन्नौज और कानपुर में मृतक के संपर्क में आए अन्य लोगों तक न पहुंचे।
उधर, कानपुर के हैलट अस्पताल में भी स्वाइन फ्लू का एक मरीज गंभीर हालत में भर्ती है। करीब 55 वर्षीय मरीज का वेंटिलेटर पर उपचार चल रहा है। बताया गया कि उसका करीब 10 दिन तक एक निजी अस्पताल में इलाज हुआ था। निजी पैथोलॉजी की जांच में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
हालांकि हैलट प्रशासन ने मरीज का नमूना मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में भेजा है। आईटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि होगी। मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने के बाद हैलट अस्पताल में भी सतर्कता बढ़ गई है। मरीजों और तीमारदारों में संक्रमण से बचाव को लेकर सावधानी देखी जा रही है और अस्पताल आने वाले कई लोग मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप