ट्रैक्टर ट्राली के रौंदने से युवक की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
फिरोजाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। थाना फरिहा क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को एक असंतुलित ट्रैक्टर ट्राली के रौंदने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है और घटना की जांच में जुट गई है।
थाना फरिहा क्षेत्र के गांव नगला खरगा निवासी अरविंद यादव (30) पुत्र मनोहर सिंह शुक्रवार को हाथवंत मार्ग पर सड़क के किनारे खड़े होकर मोबाइल से बात कर रहा था। अचानक तभी खाद की बोरियों से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली ने युवक को बुरी तरह रौंद दिया। हादसा होते देख चालक हड़बड़ा गया और वह ट्रैक्टर ट्राली को वहीं छोड़कर भाग गया। हादसे की खबर मिलते ही गांव के काफी संख्या में लोग दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए लेकिन तब तक अरविंद की मौत हो चुकी थी। परिवार के लोग भी पहुंच गए, जिनमें चीख-पुकार पुकार मच गई। मृतक तीन बच्चों का पिता था, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। इधर सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। इधर मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर कर उचित कार्रवाई और मदद का भरोसा दिया है।
इस संबंध में सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पाण्डेय का कहना है ट्रैक्टर ट्राली के रौंदने से युवक की मौत हुई है। ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़