राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, दाे बच्चे घायल

 


हाथरस, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में सासनी कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। बाइक पर सवार दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।

थाना प्रभारी के अनुसार कस्बा के चावड़ मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय विजेंद्र उर्फ विक्की शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे अपने 11 वर्षीय भतीजे कुनाल और 12 वर्षीय भांजी राधिका के साथ बाइक पर निकले थे। आगरा-अलीगढ़ मार्ग स्थित शनि देव मंदिर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सासनी पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सासनी सीएचसी ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कुनाल और राधिका को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों के अनुसार, आज मृतक के ताऊ के बेटे अशोक की शादी थी। विजेंद्र अपने परिवार में दो बहनों के बीच इकलौता अविवाहित भाई था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद दोपहर में परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना