बारिश में पशुबाड़ा ढहा, मलबे में दबकर युवक की मौत

 


कानपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इटरा गांव के मजरा मोहनपुर में देर रात बारिश के दौरान पशुबाड़े की छत और दीवार ढहने से मलबे में दबकर युवक की मौत हो गई। हादसे के वक्त युवक पशुबाड़े में सो रहा था। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला और घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मोहनपुर निवासी अमित कुमार (25) देर रात घर के पास बने पशुबाड़े में सो रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी छत और दीवार भरभराकर गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद अमित को बाहर निकाला। हादसे में पशुबाड़े में बंधी करीब 10 बकरियां भी मलबे में दब गईं। उन्हें भी ग्रामीणों ने बाहर निकाला, जिनमें कई घायल हैं।

अमित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अविवाहित था। उसके पिता ननका प्रसाद की पहले ही मौत हो चुकी है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पशुबाड़ा गिरने से युवक के मलबे में दबने की सूचना मिली थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह सीएचसी पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को शासन की ओर से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप