मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत
औरैया, 21 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर मंगलवार दोपहर बैसोली गांव के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अप रेलवे लाइन पर खंभा संख्या 1117/27 से 1117/29 के बीच हुई। इटावा की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इंजन की जांच के बाद करीब पांच मिनट पश्चात मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ कांस्टेबल अजय चौहान मौके पर पहुंचे और गैंगमैन की सहायता से रेलवे ट्रैक खाली कराया। आसपास के ग्रामीणों ने मृतक की पहचान छछूंद निवासी सचिन शाक्य (20) पुत्र जयचंद शाक्य के रूप में की। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
मृतक के पिता जयचंद शाक्य ने बताया कि सचिन मानसिक रूप से कमजोर था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर से निकल गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। बाद में रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली।
जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उसके परिवार में मां फूलन और छोटा भाई अमित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार