युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू करेगी भाजपा : धर्मपाल सिंह
प्रदेशभर में नवमतदाता व युवा सम्मेलन करेगी भाजपा
लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से विस्तृत कार्ययोजना पार्टी पदाधिकारियों के समक्ष रखी।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन को अभी से सक्रिय होना होगा। इसके लिए नवंबर और दिसंबर में विभिन्न कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी तैयारियों में अधिकतम मतदाताओं से संपर्क, कार्यकर्ताओं का उचित नियोजन और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता सबसे महत्वपूर्ण होगी। सभी कार्यक्रमों की समयसीमा और जिम्मेदारियां तय करने के लिए जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विस्तृत योजना बनाई जाएगी।
धर्मपाल सिंह ने आगामी चुनाव की दृष्टि से मतदाता सूची को सबसे महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कहा कि दीपावली के बाद पार्टी इस दिशा में विशेष अभियान शुरू करेगी। युवा और महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान देते हुए ऑनलाइन फॉर्म-6 भरवाने की योजना बनाई गई है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर छोटी-छोटी बैठकें आयोजित की जाएंगी। महिला मोर्चा के माध्यम से महिला मतदाताओं के बीच सरकार की योजनाओं और स्थानीय मुद्दों पर संवाद होगा। 18 से 21 वर्ष के युवाओं को जोड़ने के लिए प्रदेश में 200 स्थानों पर युवा सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी है। इसके अतिरिक्त सभी मंडलों में नवमतदाता सम्मेलन आयोजित होंगे। इनके लिए संयोजक और आयोजन की तिथियां निर्धारित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि हर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में 25-25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाएगी। मंडल की लगभग 60 सदस्यीय कार्यकारिणी में से ऐसे कार्यकर्ता चुने जाएंगे, जो मंडल के सभी बूथों पर नियमित प्रवास कर सकें। उनकी सूची में नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जाएंगे।
इसी तरह प्रत्येक बूथ पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार होगी। विधानसभा प्रभारी और विधानसभा विस्तारक शक्ति केंद्रों पर प्रवास कर संगठनात्मक ढांचे की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करेंगे। इसके अलावा पार्टी के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं तथा दूसरे दलों से आए कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उनकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सामाजिक चौपाल आयोजित करेगी भाजपा
धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी सामाजिक चौपाल आयोजित करेगी। इसके साथ ही तीन कार्यकाल तक पदाधिकारी रहे नेताओं की विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें मंडल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पूर्व पदाधिकारियों के साथ दो सत्रों में संवाद और कार्ययोजना पर चर्चा होगी। इसी तरह पूर्व ब्लॉक प्रमुखों, बीडीसी सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों, पूर्व पार्षदों और अन्य पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान संपर्क अभियान, किसान चौपाल और सहकारी समितियों के सदस्यों के साथ सहभोज जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। पार्टी छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों से संपर्क के लिए विशेष अभियान चलाएगी। इनसे नियमित संवाद और संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
धर्मपाल सिंह ने बताया कि चुनाव की तैयारियों में महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, विधान परिषद सदस्य, सांसद, विधायक, 2022 के विधानसभा प्रत्याशी और 2024 के लोकसभा प्रत्याशियों की भूमिका भी निर्धारित की जाएगी। क्षेत्रीय स्तर पर पार्षदों, नगर निकाय अध्यक्षों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन