प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा प्रेमी, पुलिस ने उतारा
जौनपुर,03 जून (हि.स.)। जौनपुर जिले में बक्शा थाना क्षेत्र के बेलापार गांव में बुधवार शाम काे एक प्रेमी अपनी प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। प्रेमी के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
बक्शा थाना क्षेत्र के लखनीपुर गांव निवासी सूरज गौतम यादव (17) शाम करीब पांच बजे बेलापार स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का आरोप था कि वह जिस युवती से प्रेम करता है, उससे उसकी शादी नहीं होने दी जा रही है और कुछ लोगों के दबाव के कारण उसके रिश्ते में बाधा डाली जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह, बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, तेजी बाजार थानाध्यक्ष समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुला लिया गया।मौके पर मौजूद अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। युवक की मां और परिजनों ने भी उसे नीचे उतरने के लिए काफी देर तक मनाया। हालांकि युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा और टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
करीब दो घंटे तक चले प्रयासों के बाद पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात को गंभीरता से सुना जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद युवक टावर से नीचे उतर आया।
युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। एहतियातन युवक को अपने साथ थाने ले जाया गया, जहां उससे और उसके परिजनों से पूछताछ की गई। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। -------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव