पैसे के लेनदेन को लेकर विद्युत टावर पर चढ़ा युवक, दी जान देने की धमकी

 


जौनपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट गांव में बुधवार सुबह पैसे के लेनदेन को लेकर एक युवक हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

रामपुर कला गांव निवासी रिंकू कश्यप का आरोप है कि खजुरहट गांव निवासी प्रबुद्ध गौतम ने उसकी जमीन 17 लाख रुपये में खरीदी थी। 11 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि पांच लाख रुपये अभी बकाया हैं। बकाया रकम के भुगतान के लिए वह कई बार प्रबुद्ध गौतम के घर गया, लेकिन रकम नहीं मिली।

बुधवार सुबह करीब आठ बजे रिंकू इसी विवाद को लेकर खजुरहट गांव पहुंचा और विद्युत टावर पर चढ़ गया। उसने वहां से जान देने की धमकी देना शुरू कर दिया। सूचना पर तहसीलदार सुरेंद्र कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार शुभम गौतम, प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार सिंह, एसएसआई ओम प्रकाश यादव समेत पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने युवक को काफी देर तक समझाया। करीब तीन घंटे बाद प्रशासन की ओर से मामले के समाधान का आश्वासन मिलने पर युवक नीचे उतर आया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही। क्षेत्राधिकारी मछली शहर परमानंद कुशवाहान बताया कि

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर दूसरे पक्ष को भी बुलाया है। दोनों पक्षों से बातचीत कर पुलिस विवाद के संबंध में जानकारी जुटा रही है और मामले के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव