जमीन विवाद में मोबाइल टावर पर चढ़े युवक की गिरकर मौत
जौनपुर, 21 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित बक्शा थाना क्षेत्र के उतरीजपुर गांव में जमीन विवाद से क्षुब्ध एक युवक की मोबाइल टावर से गिरकर मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।थाना अंतर्गत विशेषरपुर निवासी श्रीप्रकाश यादव(30) पुत्र राजाराम यादव का पड़ोसी से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। युवक का आरोप था कि उसकी जमीन गाटा संख्या से संबंधित सीमांकन गलत तरीके से किया गया है और विपक्षी उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।गुरुवार को विवाद बढ़ने पर श्रीप्रकाश विरोध जताने के लिए गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और ग्रामीण उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी वह अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। सूचना मिलते ही बक्शा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच तथा हरसंभव आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, जो तीन दिन में रिपोर्ट देगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जमीन सीमांकन का मामला पहले से चल रहा था और युवक इसी बात से आहत होकर टावर पर चढ़ा था। वहीं मृतक के भाई जयशंकर यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा समय रहते सुनवाई नहीं किए जाने के कारण यह घटना हुई।फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव