लाठी-डंडों से युवक की पिटाई, इलाज के दौरान मौत

 


कौशांबी, 24 सितंबर (हि.स.)। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजिहिनी खालसा पुरवा गांव में गुरुवार लाठी-डंडों से युवक की पिटाई की गई। युवक को घायल हालत में स्वशासी मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां देर शाम काे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि गांव निवासी रावेन्द्र कुमार पर गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सीओ शिवांक सिंह ने बताया, घटना के पीछे की वजह और मारपीट में शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार