जौनपुर : सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ फोटो वायरल होने पर युवक गिरफ्तार

 


जौनपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सोशल मीडिया पर सिंगल बैरल बंदूक के साथ फोटो वायरल होने के मामले में खेतासराय पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी शाहगंज प्रतिमा वर्मा ने बताया कि आठ नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक युवक की सिंगल बैरल बंदूक के साथ फोटो वायरल हुई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने फोटो की जांच और सत्यापन कराया। इसके आधार पर थाना खेतासराय में मुकदमा संख्या 265/2026 धारा 30 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खेतासराय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रितिक यादव पुत्र पुरेन्दर यादव निवासी शाहापुर, थाना खेतासराय को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी शाहगंज प्रतिमा वर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव