फांसी लगाकर युवती ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर, 06 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के महनपुर गांव में शनिवार को एक 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।इस मामले में जानकारी लेने पर थानाध्यक्ष बक्शा लक्ष्मण विक्रम सिंह ने बताया महनपुर गांव निवासी रुशी बिन्द (18) ने शनिवार सुबह घर के पीछे स्थित नीम के पेड़ से भैंस बांधने वाली रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह करीब साढ़े नौ बजे परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो उसे तत्काल फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वां ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर बक्शा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।मृतका के पिता बरखुराम बिन्द ने बताया कि उनकी पुत्री घर पर रहकर घरेलू कार्य करती थी। आत्महत्या के कारणों के संबंध में वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव