ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

 


जौनपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में नेवादा गांव के पास रविवार को हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। पुलिस ने ट्रक और शव को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

थाना प्रभारी दीनदयाल पांडेय ने बताया कि, जफराबाद थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी राजकुमार यादव उर्फ काजू बाइक से वाराणसी की ओर जा रहे थे। नेवादा गांव के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह बाइक समेत ट्रक के अगले पहिये के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही लाइन बाजार और जफराबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाईवे से जाम हटवाया और यातायात सामान्य कराया। ट्रक और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव