दो दिन से लापता युवक का बंद मकान में मिला शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

 


कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में काकादेव क्षेत्र के पांडु नगर में शनिवार दोपहर बंद मकान के अंदर युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दो दिन से युवक की कोई खबर नहीं थी। दोस्त के सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान अंकित सविता (27) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास योजना नंबर-3 का रहने वाला था और पांडु नगर में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक, उसके पिता नन्हें सविता की कुछ वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। परिवार में मां सरोज और भाई सूरज व गोलू हैं।

परिजनों ने बताया कि अंकित के पड़ोस में रहने वाली सिमरन से करीब पांच साल पहले प्रेम संबंध हुए थे। दोनों ने करीब चार साल पहले शादी कर ली थी। उनकी तीन साल की बेटी मोना है। करीब आठ महीने पहले पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से अंकित मानसिक रूप से परेशान रहता था।

शनिवार दोपहर अंकित का दोस्त सोनू उसे देखने पांडु नगर स्थित घर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उसने पड़ोसियों को जानकारी दी और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।

काकादेव पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में अंकित का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और कमरे तथा आसपास के स्थानों की जांच कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने मृतक के मोबाइल के जरिए उसके भाई को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस को मौके पर किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पत्नी के करीब आठ महीने पहले चले जाने के बाद युवक के परेशान रहने की जानकारी सामने आई है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप