पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

 


छह महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम

हमीरपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के मीरा तालाब के पास घरेलू विवाद के बाद 30 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कस्बे के मीरा तालाब निवासी अनूप कुमार (30) पुत्र सीताराम उर्फ कल्लू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिजनों के मुताबिक अनूप और उसकी पत्नी संतोषी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद अनूप ने घर के अंदर साड़ी के सहारे बल्ली से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि अनूप की शादी महज छह महीने पहले भमंई गांव निवासी संतोषी से हुई थी। घटना के बाद से पत्नी और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा