संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने लगाई फांसी

 


कानपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में एक युवक ने बहन के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर पर अकेला था जबकि परिवार के बाकी सदस्य शादी समारोह में शिरकत करने गए थे। देर रात जब सब लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।

मूलरूप से झारखंड के देवघर का रहने वाला गणेश यादव (20) पिछले एक साल से बिधनू के ओरियारा गांव में अपनी बहन पम्मी के घर में रहकर एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था जबकि उसके पिता पूरन यादव और बड़ा भाई मुकेश झारखंड में ही रहते हैं। बहन पम्मी ने बताया कि परिवार में शादी थी। सभी लोग शादी में शामिल होने गए थे लेकिन गणेश ने शादी में जाने से इनकार कर दिया था। इसलिए वह घर पर अकेला था। देर रात जब सभी लोग घर वापस लौटे तो उसका शव कमरे में पंखे के कुंडे से झूल रहा था। जिसे देख सभी के होश उड़ गए। आनन फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बिधनू थाना प्रभारी तेज प्रताप सिंह ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप